Advertisement Carousel

न्यू एज मीडिया में दक्ष बनें जनसंपर्क अधिकारी: आयुक्त रजत बंसल



लापरवाही पर तीन जिलों के अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश, योजनाओं के प्रभावी प्रचार पर जोर


रायपुर, 24 अप्रैल।
जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा है कि बदलते समय में जनसंपर्क अधिकारियों को न्यू एज मीडिया की सभी विधाओं में दक्ष होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक और संचार के नए माध्यमों को अपनाकर ही शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सकता है।


नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसंपर्क संचालनालय और जिला जनसंपर्क अधिकारियों को संबोधित करते हुए आयुक्त बंसल ने कहा कि जनसंपर्क का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता के साथ निभाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन उनके परिणामों के आधार पर किया जाएगा।


बैठक में उन्होंने मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिलों के कलेक्टरों के साथ नियमित संपर्क और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं की जानकारी समय पर आम जनता तक पहुंच सके।
आयुक्त बंसल ने आगामी 1 मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग किया जाए।


उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से व्यापक स्तर पर साझा किया जाए, ताकि अन्य लोग भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।
बैठक में प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।


इस दौरान अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और श्रीमती हर्षा पौराणिक सहित संचालनालय और विभिन्न जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!