Advertisement Carousel

भरोसे का कत्ल: 70 लाख के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुआ PWD कर्मचारी

भरोसे का फायदा उठाकर 70 लाख के जेवर लेकर फरार, PWD कर्मचारी पर धोखाधड़ी का आरोप


धमतरी। शहर के सदर बाजार स्थित एक सराफा व्यापारी के साथ करीब 70 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर बाजार निवासी सराफा व्यापारी जसराज जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि हेमंत सोनी, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) में कर्मचारी है, ने विश्वास में लेकर बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण हड़प लिए। हेमंत के पिता लंबे समय से जसराज जैन की दुकान में कार्यरत थे, जिसके चलते आरोपी का दुकान में नियमित आना-जाना था।


बताया जाता है कि हेमंत ग्राहकों को सोना-चांदी दिखाने और बिक्री में सहयोग करने के बहाने व्यापारी का भरोसा जीत चुका था। इसी भरोसे के चलते उसे लाखों रुपए मूल्य के आभूषण सौंपे जाने लगे। करीब दो महीने पहले वह लगभग 70 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर गायब हो गया।


व्यापारी द्वारा संपर्क करने पर आरोपी का मोबाइल फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर जसराज जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहीं आरोपी के परिजनों ने भी उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।


कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

error: Content is protected !!