Advertisement Carousel

रायपुर राइनोज ने 90 रन से जीता CCPL सीजन-3 का उद्घाटन मुकाबला, अमनदीप खरे बने प्लेयर ऑफ द मैच

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 के उद्घाटन मुकाबले में रायपुर राइनोज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजनांदगांव पैंथर्स को 90 रन से हरा दिया। कप्तान अमनदीप खरे के शतक और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत रायपुर ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया।

नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायपुर राइनोज ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान अमनदीप खरे ने 55 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके साथ अमित कुमार यादव ने 85 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी की।

229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की शुरुआत खराब रही और पूरी टीम 16 ओवर में 138 रन पर सिमट गई। कप्तान अजय मंडल ने 74 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। रायपुर राइनोज की ओर से गौरव चतुर्वेदी ने 4 विकेट लिए, जबकि आशीष चौहान और प्रशांत साई पैंकरा ने 2-2 विकेट झटके।

रायपुर राइनोज ने यह मुकाबला 90 रन से अपने नाम किया। शानदार शतकीय पारी के लिए कप्तान अमनदीप खरे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!