विकल्प तिवारी बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, रुद्र प्रताप देहरी को दो बड़े अवॉर्ड
नवा रायपुर, 14 जून। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण का रोमांचक समापन रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में हुआ। फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर सीसीपीएल-3 का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन चौहान ने सर्वाधिक 41 रनों की पारी खेली। उनके अलावा संगीत सोनी ने 32 रन, आलोक साहू ने 25 रन और दीपक यादव ने 22 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बिलासपुर बुल्स की गेंदबाजी की बात करें तो भरत गोंडवानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि वरुण सिंह भुईं और मोहित रावत ने 2-2 विकेट हासिल कर रायगढ़ की बल्लेबाजी को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार मिश्रण दिखाया। टीम ने महज 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। बिलासपुर के लिए पवन परनाते ने 39 रन बनाए, जबकि विकल्प तिवारी ने नाबाद 39 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके अलावा आयुष पांडे ने 33 रनों का अहम योगदान दिया।
रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को 1-1 विकेट मिला।
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी के लिए भरत गोंडवानी को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
पुरस्कार एवं व्यक्तिगत सम्मान
विजेता टीम (बिलासपुर बुल्स) – ₹15 लाख पुरस्कार राशि
उपविजेता टीम (रायगढ़ लायंस) – ₹11 लाख पुरस्कार राशि
बेस्ट बैटर ऑफ द टूर्नामेंट – संगीत सोनी (रायगढ़ लायंस)
बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट – रुद्र प्रताप देहरी (बिलासपुर बुल्स)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – विकल्प तिवारी (बिलासपुर बुल्स)
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – रुद्र प्रताप देहरी (बिलासपुर बुल्स)
सीसीपीएल-3 के सफल आयोजन और रोमांचक फाइनल मुकाबले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। टूर्नामेंट ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच प्रदान किया और आने वाले वर्षों में राज्य क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं।

