कोरिया/रायपुर। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के कटगोड़ी गांव में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। रेत कारोबार को लेकर हुए खूनी संघर्ष में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मामले ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर रेत माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कटगोड़ी गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले एक फॉर्च्यूनर वाहन को टिपर से टक्कर मारकर रोक दिया और उसके दरवाजे जाम कर दिए। इसके बाद वाहन में आग लगा दी गई। आग लगने से वाहन में सवार भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
घटना के दौरान अन्य लोगों पर भी धारदार हथियारों और लाठियों से हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल बीरेंद्र प्रताप सिंह (32) को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उसके सिर पर कुल्हाड़ी से गंभीर चोट लगी थी और मारपीट में उसका कान भी कट गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह (53) को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, लेकिन बिलासपुर के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हत्याकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि कई आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद सर्व समाज एवं क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक कोरिया को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। समाज के लोगों का कहना है कि यह सुनियोजित सामूहिक हमला है और इसकी निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।
इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार सत्ता संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत माफिया इतने हावी हो चुके हैं कि अब अवैध कारोबार को लेकर खूनी संघर्ष और गैंगवार जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। बैज ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कहा है कि घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया और पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
कटगोड़ी हत्याकांड अब केवल एक आपराधिक घटना नहीं रह गया है, बल्कि इसने प्रदेश में अवैध रेत कारोबार, कानून-व्यवस्था और राजनीतिक संरक्षण को लेकर नई बहस छेड़ दी है। तीन मौतों के बाद पूरे प्रदेश की नजरें अब पुलिस जांच और सरकार की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
