बिलासपुर, 10 जुलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) बिजय कुमार को हिंदी के प्रयोग-प्रसार और राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेलमंत्री राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय द्वारा प्रदान किया जाता है।
बिजय कुमार को यह पुरस्कार वर्ष 2024 में पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (विपणन) के पद पर रहते हुए राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन और उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड द्वारा उन्हें नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन वरिष्ठ अधिकारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रेरित किया हो।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इसे पूरे जोन के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया है।
