रायपुर/कोलकाता। छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार और संगठनात्मक कार्यों में दिए गए योगदान के लिए भाजपा पश्चिम बंगाल ने प्रशंसा पत्र भेजा है। यह पत्र भाजपा पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
प्रशंसा पत्र में दयालदास बघेल के चुनावी अभियान में निभाई गई सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा गया है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के दूरस्थ जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक प्रवास कर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी के बीच लगातार जनसंपर्क, सभाओं और चुनाव प्रचार के माध्यम से दयालदास बघेल ने मतदाताओं के बीच भाजपा के प्रति विश्वास का माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी नेतृत्व ने उनके समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए इसे चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
भाजपा नेतृत्व ने अपने संदेश में दयालदास बघेल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा है कि संगठन को मजबूत करने और जनहित के कार्यों में उनके अनुभव, सुझाव और नेतृत्व का आगे भी लाभ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी थी। दयालदास बघेल भी इसी अभियान के तहत पश्चिम बंगाल में सक्रिय रहे और संगठन के विस्तार तथा चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
