35.87 टन स्पंज आयरन का किया गबन, ट्रक व नकदी समेत 15 लाख रुपये का माल जब्त
रायपुर। राजधानी के उरला थाना पुलिस ने स्पंज आयरन से भरे ट्रक का गबन कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है, जबकि गबन किए गए स्पंज आयरन की कीमत लगभग 7.07 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, एक कंपनी ने ट्रक क्रमांक CG 08 AT 3321 में 35 टन 870 किलो स्पंज आयरन महाराष्ट्र भेजा था। रास्ते में चालक ने बीमारी और अन्य बहाने बनाकर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया। बाद में चालक और वाहन मालिक से संपर्क भी टूट गया। शिकायत पर उरला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर वाहन मालिक गुमान साहू और उसके साथी मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चालक रहीमान साहू के साथ मिलकर स्पंज आयरन को महाराष्ट्र ले जाने के बजाय उरला औद्योगिक क्षेत्र में बेच देने और ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रक, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में चालक रहीमान साहू समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
