Advertisement Carousel

जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार की सुरक्षा के लिए अल्पसंख्यक आयोग सक्रिय, जिला प्रशासन को दिए निर्देश


रायपुर। चातुर्मास से पहले जैन साधु-साध्वियों के पैदल विहार को सुरक्षित बनाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।


आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा से जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर पैदल विहार के दौरान साधु-साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि व्यस्त सड़कों पर भारी वाहनों के आवागमन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने सभी जिलों में विहार मार्गों पर आवश्यकता अनुसार पुलिस सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और समुचित प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि चातुर्मास के दौरान जैन साधु-साध्वियों का पैदल विहार सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से जैन समाज की इस महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा के दौरान आवश्यक सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है।

error: Content is protected !!