रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की, बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा और बिजली बिल समाधान योजना सितंबर तक बढ़ाने की जानकारी दी।
गरियाबंद/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और आस्था का प्रतीक है। भगवान जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि जून से बढ़ाकर सितंबर तक कर दी गई है। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों का आर्थिक बोझ कम करने के लिए संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है और हर माह सीधे बैंक खातों में राशि मिलने से माताओं-बहनों का आत्मविश्वास बढ़ा है। सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, जिसकी वे स्वयं नियमित समीक्षा करते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया, उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा अमलीपदर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
