Advertisement Carousel

30 जुलाई पर टिकी कांग्रेस की नजरें: दिल्ली में होगी पीसीसी चीफ पर निर्णायक चर्चा


दीपक बैज को आलाकमान का बुलावा, सचिन पायलट करेंगे नेताओं से मंथन; कांग्रेस में फिर चर्चा में आई ‘जय-वीरू’ की जोड़ी


रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए 30 जुलाई का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को कांग्रेस आलाकमान ने 30 जुलाई को दिल्ली तलब किया है। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे और नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है।


बैठक से पहले 28 जुलाई को सचिन पायलट छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगे। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।


राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दीपक बैज अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। ऐसे में आलाकमान उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाता है या किसी नए चेहरे को संगठन की कमान सौंपता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


इधर, बैज के दिल्ली बुलावे के बीच कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के जन्मदिन के अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का बघेल निवास पहुंचना राजनीतिक हलकों में कई तरह के संकेतों के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय बाद दोनों वरिष्ठ नेताओं की नजदीकियों को लेकर यह चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस में एक बार फिर ‘जय-वीरू’ की जोड़ी सक्रिय हो सकती है।


अब सभी की निगाहें 30 जुलाई को दिल्ली में होने वाली बैठक पर हैं, जहां संगठन में बदलाव और प्रदेश कांग्रेस के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकता है।

error: Content is protected !!