प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में अलग-अलग प्रत्याशियों को समर्थन, संगठन में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
रायपुर। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थन में खुलकर उतर आए हैं, जिससे संगठन के भीतर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
बताया जा रहा है कि देवेन्द्र यादव बलौदाबाजार के शैलेन्द्र बंजारे के पक्ष में सक्रिय हैं। शैलेन्द्र बंजारे अपना नामांकन भी दाखिल कर चुके हैं और उन्हें युवा कार्यकर्ताओं का समर्थन जुटाने में देवेन्द्र यादव पूरी ताकत लगा रहे हैं। दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्येन्द्र चेलक को प्रदेश युवक कांग्रेस की कमान सौंपने के पक्ष में माने जा रहे हैं। सत्येन्द्र चेलक भी अध्यक्ष पद की दौड़ में पूरी मजबूती से मैदान में हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुकाबला केवल युवक कांग्रेस के अध्यक्ष पद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे कांग्रेस के भीतर युवा नेतृत्व पर प्रभाव और भविष्य की संगठनात्मक राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में युवाओं की राजनीतिक भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। ऐसे में कांग्रेस के भीतर भी युवा नेतृत्व को लेकर खींचतान स्वाभाविक मानी जा रही है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रदेश युवक कांग्रेस की कमान आखिर किसके समर्थित उम्मीदवार के हाथों में जाएगी। चुनावी प्रक्रिया के साथ संगठन में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
