Advertisement Carousel

कांकेर जिला अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल, मरीजों से मिलकर जाना हालचाल



एमआरआई सेवा का लिया जायजा, मातृ-शिशु स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण, स्वच्छता और मलेरिया रोकथाम पर दिए निर्देश


रायपुर/कांकेर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोमवार को कांकेर प्रवास के दौरान कोमलदेव शासकीय जिला चिकित्सालय और अलबेलापारा स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया।


स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में हाल ही में शुरू हुई एमआरआई सेवा का अवलोकन किया और प्रतिदिन आने वाले मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने आईपीडी वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।


इसके बाद मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिशु वार्ड में भर्ती बच्चों और उनकी माताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मलेरिया से बचाव के लिए लार्वा नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।


निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजीव झा, कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. यास्मीन खान, सीएमएचओ डॉ. आर.सी. ठाकुर सहित कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!