666 खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि, खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
रायपुर, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। इस तरह कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष से केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बढ़ती, बल्कि प्रदेश और देश का गौरव भी बढ़ता है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।
156 खिलाड़ियों के लिए खुला शासकीय सेवा का रास्ता
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के 156 खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। इससे इन खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
बस्तर ओलंपिक में बढ़ी युवाओं की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर ओलंपिक के पहले आयोजन में 1 लाख 65 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार हो गई। सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के जरिए भी स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच मिल रहे हैं।
खेल अधोसंरचना पर 100 करोड़ का जोर
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी तथा पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है। सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर निखारने और पर्याप्त अवसर देने की है। उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को प्रदेश के लिए गौरव बताया।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और आधुनिक सुविधाएं मिलने से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आने वाले समय में ओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े मंचों पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
समारोह में तीन वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
