वीडियो बनाने में इस्तेमाल मोबाइल जब्त, सिविल लाइन पुलिस ने की कार्रवाई
रायपुर। महापौर रायपुर के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो बनाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी विजय उर्फ सोनू महेश्वरी (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल सोनकर ने 3 सितंबर को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने रायपुर महापौर के खिलाफ अश्लील गाली-गलौज करते हुए वीडियो बनाया था। आरोप है कि उक्त वीडियो को आपत्तिजनक शब्दों को हटाए बिना प्रसारित किया गया, जिससे सामाजिक अशांति फैलने की आशंका थी।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं गवाहों से पूछताछ करते हुए वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की पहचान और तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने विजय उर्फ सोनू महेश्वरी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी: विजय उर्फ सोनू महेश्वरी, पिता नारायण महेश्वरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी देवपुरी, आमातालाब, दुर्गा मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर।
