मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू करेंगे अध्यक्षता
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के तत्वावधान में आगामी 7 सितंबर को राजधानी रायपुर में संभागस्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में होगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया जाएगा। इनमें शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, सामाजिक सेवा, कृषि, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाएं शामिल होंगी। साथ ही कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के लिए संगठनात्मक संवाद भी किया जाएगा।
अशोक सिन्हा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रबुद्धजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। सम्मेलन के माध्यम से समाज के प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने तथा सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सम्मेलन में इसी दिशा में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और नई ऊर्जा देने पर भी जोर रहेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।
सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन को लेकर रायपुर संभाग के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आमंत्रण, अतिथि समन्वय, बैठक एवं मंच व्यवस्था, स्वागत, यातायात और कार्यकर्ताओं की सहभागिता समेत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए मोर्चा के पदाधिकारी जुटे हुए हैं।
पत्रकार वार्ता में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के रायपुर संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु मौजूद रहे।
