Advertisement Carousel

श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है : CM साय

इस्कॉन रायपुर में जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, श्रीकृष्ण-राधारानी के दर्शन कर किया शंख अभिषेक

रायपुर, 4 सितंबर। राजधानी के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी जी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ महामंत्र से गूंज उठा। मुख्यमंत्री साय ने भी भक्तों के साथ महामंत्र का घोष किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानव समाज को धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी जीवन की चुनौतियों के बीच कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है। जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन-दर्शन और आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर भी है।

धार्मिक विरासत को संवारना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन काल से धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की पुण्यभूमि रही है। माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल होने के साथ प्रदेश में अनेक ऐतिहासिक मंदिर और आस्था केंद्र हैं। भोरमदेव, गंधेश्वर महादेव, मधेश्वर महादेव, कुलेश्वर महादेव सहित मां बमलेश्वरी, मां महामाया, माता दंतेश्वरी और मां चंद्रहासिनी जैसे धार्मिक स्थल प्रदेश की पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने तथा उन्हें भव्य स्वरूप देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था समाज की बड़ी शक्ति है। आर्थिक कारणों से कोई श्रद्धालु तीर्थ दर्शन से वंचित न रहे, इसी भावना से सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है। श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम की यात्रा कराई जा रही है। अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु इस योजना के माध्यम से श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।

इसी तरह मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के विकास से विरासत संरक्षण के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

तीन दिन चलेगा जन्माष्टमी महा-महोत्सव

उल्लेखनीय है कि इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 3 से 5 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की जा रही है।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!