बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर होंगी मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक गरबा का दिखेगा संगम
रायपुर। राजधानी रायपुर में पारंपरिक गरबा और डांडिया का लोकप्रिय आयोजन ‘रायपुर रास’ सीजन-5 इस वर्ष 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजन को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी दी।
आयोजन समिति के अनुसार, इस बार रायपुर रास में पारंपरिक गुजराती गरबा के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। गरबा की शुरुआत सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर करने की योजना है। इसके जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
कार्यक्रम स्थल पर गढ़कलेवा कॉर्नर के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां प्रतिभागियों और दर्शकों को चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य शैली को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी दिया जाएगा।
बॉलीवुड गानों पर रहेगी रोक, पारंपरिक परिधानों में ही प्रवेश
आयोजन समिति ने सांस्कृतिक परंपरा को प्राथमिकता देते हुए इस बार 100 प्रतिशत पारंपरिक गरबा संगीत बजाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम में बॉलीवुड गानों पर रोक रहेगी। वहीं, आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
आयोजन को पारिवारिक और सुरक्षित बनाने के लिए प्रवेश के विशेष नियम भी निर्धारित किए गए हैं। समिति के मुताबिक, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
एसी हॉल में गरबा, आकर्षक उपहारों का भी मौका
अक्टूबर की गर्मी और उमस को देखते हुए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा। आयोजकों ने इसे ‘एसी वाला गरबा’ नाम दिया है, ताकि प्रतिभागी आरामदायक माहौल में गरबा और डांडिया का आनंद ले सकें।
आयोजन में आकर्षक पुरस्कार और उपहार भी रखे गए हैं। समिति के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनके माध्यम से आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत की अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है।
सुरक्षा और चिकित्सा के रहेंगे इंतजाम
आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की व्यवस्था करने की बात कही गई है। इसके अलावा, आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी उपलब्ध रखने की योजना है।
आयोजन समिति का कहना है कि रायपुर रास सीजन-5 के माध्यम से पारंपरिक गरबा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति, मनोरंजन और सुरक्षा का समन्वय प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि यह दो दिवसीय महोत्सव राजधानीवासियों के लिए खास आकर्षण बनेगा।
प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा के साथ ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
