Advertisement Carousel

महाष्टमी पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सपरिवार किए मां बम्लेश्वरी के दर्शन

बंजारी माता मंदिर और राजनांदगांव के राम दरबार में भी की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

डोंगरगढ़/रायपुर, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी के पावन अवसर पर रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी देवी के दरबार में सपरिवार मत्था टेका। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और छत्तीसगढ़ की उन्नति, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य, आत्मीय मित्र, शुभचिंतक और स्नेहीजन भी मौजूद रहे।

डोंगरगढ़ पहुंचने से पहले सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर स्थित बंजारी माता मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद राजनांदगांव के श्रीराम दरबार मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहां से वे डोंगरगढ़ पहुंचे और पहाड़ी पर विराजित मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर विधिवत आरती उतारी। इसके उपरांत उन्होंने नीचे स्थित छोटी बम्लेश्वरी माता मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया तथा संतों और पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

मां के दरबार में प्रदेश की खुशहाली की कामना

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मां बम्लेश्वरी का दरबार असीम आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। महाष्टमी के पावन दिन माता के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने माता से देश और प्रदेश की निरंतर उन्नति, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

विजयादशमी की दी शुभकामनाएं

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि और विजयादशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहे और हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि तथा खुशहाली आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!