रायपुर, 29 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा आयोजित हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) मुख्य परीक्षा 2026 के परिणाम आज दोपहर 2:30 बजे घोषित किए जाएंगे।
नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय खुद परिणाम जारी करेंगे। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से देख सकेंगे। इसके लिए मंडल ने कई अधिकृत वेबसाइटों पर व्यवस्था की है, जहां परीक्षार्थी अपना रोल नंबर दर्ज कर आसानी से परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।
इस साल भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया है, ऐसे में रिजल्ट को लेकर उत्सुकता चरम पर है। परिणाम जारी होते ही सफलता और असफलता की तस्वीर साफ हो जाएगी, जो विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करेगी।
