राजनांदगांव। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए निर्माणाधीन स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज का काम तेज किया जाएगा। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और रेलवे अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बॉक्स पुशिंग, आंतरिक निर्माण और एप्रोच रोड के कार्यों की जानकारी ली। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बॉक्स पुशिंग का काम पूरा करने में लगभग डेढ़ माह का समय लगेगा। इसके साथ ही एप्रोच रोड का निर्माण भी किया जाना है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बॉक्स पुशिंग और एप्रोच रोड का निर्माण समानांतर रूप से किया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने दिसंबर तक प्रमुख निर्माण कार्यों में प्रगति लाने तथा जनवरी-फरवरी में शेष कार्य पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही मार्च 2027 तक सभी निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज शहर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
