8 दिन की CBI कस्टडी खत्म, दोबारा रिमांड की मांग नहीं; ED के नॉन-बेलेबल वारंट संबंधी आवेदन को कोर्ट ने किया खारिज
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान CBI ने आरोपी की दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया। कोर्ट ने CBI के अनुरोध को स्वीकार करते हुए सौरभ चंद्राकर को जेल भेजने का आदेश दिया।
वहीं, मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट एक्जीक्यूट कराने के लिए अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। हालांकि, कोर्ट ने ED के इस आवेदन को खारिज कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद फिलहाल सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर प्रमुख आरोपियों में शामिल है। मामले की जांच CBI और ED दोनों एजेंसियां कर रही हैं। आरोपी की CBI कस्टडी समाप्त होने के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच से जुड़े घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है।
