रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में नई नियुक्तियां की गई हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रदेश के लिए दो प्रभारी सचिवों की नियुक्ति की है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की स्वीकृति से जारी आदेश के मुताबिक जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव बनाया गया है।
AICC के महासचिव एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। आदेश में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए पार्टी सचिवों की नियुक्ति एवं जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव के रूप में जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह की नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं पर प्रदेश में पार्टी संगठन से जुड़े कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की जिम्मेदारी रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से दोनों नवनियुक्त प्रभारी सचिवों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।
