Advertisement Carousel

लोक सुराज से बनेगी राज्य के भावी विकास की कार्य योजना : डॉ. रमन सिंह

रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आम जनता की जरूरतों को समझने और गांवों तथा शहरों के विकास के लिए भावी कार्य योजना तैयार करने के उद्देश्य से राज्य सरकार लोक सुराज अभियान चला रही है।

डॉ. सिंह आज रात यहां एक प्राईवेट चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश में तेजी से विकसित होने वाले राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। राज्य की जी.डी.पी. 39 हजार करोड़ से बढ़कर 2 लाख 92 हजार करोड़ की हो गयी है। राज्य को इस मुकाम तक पहुंचाने में कृषि , उद्योग, और सेवा के सेक्टरों में योजना बद्ध ढंग से काम हुआ है।

मुख्यमंत्री कहा कि राज्य में चिकित्सा, और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया गया अब कनेक्टिविटी पर ध्यान दे रहे है।  उन्होंने कहा कि देश में राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली सबसे मजूबत प्रणाली के रूप मेें स्थापित हुई है। इससे 55 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्मार्ट कार्ड में 50 हजार रूपए तक के इलाज की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री बाल हृदय सुरक्षा योजना और काक्लीयर इम्प्लांट भी सरकार के खर्चे से कराए जा रहे हैं।  डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार अपनी योजनाओं के जरिए  नई पीढ़ी के भविष्य निर्माण के लिए भी काम कर रहे हैं।  राज्य के दूरस्थ और नक्सल प्रभावित  क्षेत्रों में  बच्चों की शिक्षा के लिए पोटा केबिन प्रारंभ किए गए। साथ ही दंतेवाड़ा आर सुकमा को एजुकेशन हब के रूप में विकसित किया गया।  इन स्थानों पर गरीब परिवारों के बच्चे को 11 एवं 12 की शिक्षा के साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करायी जा रही है। इन प्रयासों से मनरेगा में काम करने वाले परिवार के बच्चे भी देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों जैसे आई.आई.टी. एन.आई.टी. और मेडिकल प्रवेश परीक्षा के जरिए उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैें।  उन्होंने किसानों, मजदूरों, छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अपनी सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।
आयोजकों ने इस अवसर पर यंग एचिवर्स एवार्ड वितरण का भी कार्यक्रम रखा था। मुख्यमंत्री ने उनकी ओर से शिक्षा, चिकित्सा और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे नागरिकों को इस एवार्ड से सम्मानित किया।

इस मौके पर वन मंत्री महेश गागड़ा और रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित थे।

error: Content is protected !!