Advertisement Carousel

10 इंजनों से 250 इलेक्ट्रिक इंजनों तक पहुंचेगा रायपुर लोको शेड, 175 करोड़ की परियोजना को मंजूरी

तीन दशक में बदली तस्वीर, अब इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव का बड़ा केंद्र बनेगा रायपुर

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रायपुर डीजल लोको शेड अब इलेक्ट्रिक युग में नई पहचान बनाने जा रहा है। मई 1995 में महज 10 इंजनों के साथ शुरू हुआ यह शेड आज 284 से अधिक इंजनों का रखरखाव कर रहा है। रेलवे मंत्रालय ने जुलाई 2026 में यहां 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित करने के लिए 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।

रायपुर लोको शेड का इतिहास करीब तीन दशक पुराना है। फरवरी 1993 में इसकी नींव रखी गई और मई 1995 में इसने काम शुरू किया। समय के साथ इसकी क्षमता और जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। मार्च 2008 में इसकी क्षमता 100 इंजन की गई। मई 2018 में शेड ने 200 इंजनों के रखरखाव का आंकड़ा पार किया।

अब रेलवे के विद्युतीकरण अभियान के साथ शेड को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। 20 अक्टूबर 2026 को यहां 133 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रिक लोको मेंटेनेंस सुविधा का शिलान्यास भी किया गया। इसके पूरा होने पर 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक इंजनों का रखरखाव संभव होगा।

गौरतलब है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वर्ष 2025-26 में 261 मिलियन टन माल लदान कर 30,410 करोड़ रुपये का माल राजस्व अर्जित किया। ऐसे में रायपुर लोको शेड का विस्तार छत्तीसगढ़ के कोयला, इस्पात और सीमेंट उद्योगों की माल ढुलाई को नई मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगा।

10 इंजनों से शुरू हुआ रायपुर का यह सफर अब आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!