बीजापुर। बीजापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 14 अप्रैल को दौरा प्रस्तावित है, लेकिन जिले में नक्सलियों ने पर्चा फेंककर पीएम मोदी के दौरे का विरोध किया है। नक्सलियों ने महादेव घाटी के नीचे हाइवे पर पर्चे फेंके हैं।
बीजापुर में पीएम के दौरे को लेकर माओवादी बौखलाए हुए हैं। नक्सलियों ने बीजेपी सरकार पर बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन और आदिवासियों के शोषण का आरोप लगाया है। आपको बता दें कि पीएम मोदी बीजापुर में 14 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में जांगला गांव में आयुष्मान भारत का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी बस्तर नेट के जरिए सभी अस्पतालों को जोड़ने वाले एक कार्यक्रम का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 100 मकानों का भूमि पूजन कार्यक्रम भी शामिल है।
