Advertisement Carousel

ततापानी में वन महोत्सव का भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने लगाए बेल के पौधे

00 वन महोत्सव के कार्यक्रम में रोपे गये मिश्रित प्रजाति के पौधे
बलरामपुर / जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल एवं धार्मिक आस्था के केंद्र शिव के धाम तातापानी में आज वन महोत्सव 2018 के कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम, खेल एवं युवा कल्याण, जन शिकायत निवारण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री भैयालाल राजवाड़े और छत्तीसगढ़ राज्य औषधीय पादप बोर्ड रायपुर के अध्यक्ष रामप्रताप ने पौधे लगाकर धरती का श्रृंगार किया। इस कार्यक्रम में विधायक बृहस्पति सिंह, कलेक्टर हीरालाल नायक, पुलिस अधीक्षक टी.आर.कोशिमा, वनमंडलाधिकारी विवेकानंद झा, ने मिश्रित प्रजाति के पौधे लगाए। इसके अलावा जिले के निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में अपने मनपसंद पौधे लगाए।

तातापानी में आयोजित वन महोत्सव में जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजवाड़े ने कहा कि वन है तो जीवन है, वनों की रक्षा करना हम सभी का कर्त्तव्य है। सरकार की सोच है कि छत्तीसगढ़ राज्य हरियर छत्तीसगढ़ राज्य बने, इसके लिए हर किसी को पेड़ लगाना एवं उसकी रक्षा करना चाहिए। वनों की अवैध कटाई से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, इसलिए वनों की रक्षा करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण को संतुलित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वनों की अवैध कटाई के कारण जंगली जानवर आज गांव की ओर आ रहे हैं, जिससे जन-हानि हो रही है। उन्होंने कहा कि जीवन के लिए पेड़ एक महत्वपूर्ण अंग होता है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि लोगों में पर्यावरण की सुरक्षा की प्रति जागरूकता लाते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उसकी रक्षा करनी चाहिए। शासन द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चा जब पेट में रहता है, तब से उसकी मृत्यु तक के लिए शासन द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं संचालित की जा रही हैं। श्रम मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना के बारे में जानकारी दी तथा लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने को कहा। उन्होने कहा कि शासन द्वारा जो भी योजनाएं संचालित है उसका लाभ जरूरतमंद लोगों को मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह द्वारा श्रमिकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों एवं उनके परिवार के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। श्री राजवाडे़ ने श्रम विभाग के अधिकारियों से श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीयन कर उन्हें लाभान्वित करने को कहा।

छत्तीसगढ़ राज्य औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह ने कहा कि तातापानी धार्मिक आस्था के केन्द्र में आज वन महोत्सव का आयोजन किया गया है। ’वन है तो जीवन है’ पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधरोपण करना बहुत आवश्यक है। वन, जल एवं जीवन के लिए पेड़ पौधे लगाना और उनकी रक्षा करना बहुत जरूरी है। हमें जनजागरण कर अधिक से अधिक पेड़ लगाना है, और हमें वनों की रक्षा हेतु संकल्पित होना चाहिए। उन्होंने वन एवं पेड़ पोधें के महत्व एवं उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। विधानसभा रामानुजगंज क्षेत्र के विधायक श्री बृहस्पत सिंह ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हेतु हमें जन चेतना के माध्यम से वनों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने ने क्षेत्रीय समस्याओं से श्रम मंत्री को अवगत कराते हुए समस्याओं की निराकरण करने की बात कही।

कलेक्टर हीरालाल नायक ने जीवन में वनों का महत्व बताते हुए कहा कि पेड़ों के महत्व का न जानते हुए लोग बेरहमी से पेड़ को काटते हैं। हमें जो भी पेड़ लगाते हैं उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। वनों से होने वाले लाभ एवं विनाश से क्या दुष्परिणाम मिलता है इसके संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वनमण्डलाधिकारी श्री विवेकानंद झा ने वनों के महत्व की जानकारी देते हुए सभी से अपने घर के आस-पास पौधे लगाने और पर्यावरण को संतुलित बनाये रखने में सहयोग करने को कहा।

कार्यक्रम के गरिमामय समारोह में पुलिस अधीक्षक टी.आर. कोशिमा, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रामकिशुन सिंह, जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंह देव, विनय पैकरा, जनपद पंचायत बलरामपुर अध्यक्ष श्रीमती पार्वती आयाम, उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामचन्द्रपुर श्रीमती इन्द्री आयाम, नगर पालिका बलरामपुर के उपाध्यक्ष श्री हर्षवर्धन सिंह, जनपद पंचायत बलरामपुर सदस्य श्री भानू प्रताप दीक्षित, दीनानाथ यादव, जिले के गणमान्य नागरिक शिवनाथ यादव, ओमप्रकाश सोनी, ओमप्रकाश जायसवाल, मीडिया के प्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

error: Content is protected !!