कोरिया / छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। वहीं आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भईयालाल राजवाड़े के लिए आमसभा को सम्बोधित किया।
आम सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कश्मीर के बंटवारे की बात करती है और कहती है कि उसे अलग राज्य का दर्जा दिया जाए जो देश के बंटवारे की बात करता है वह देश हित के लिए कभी नहीं सोच सकता। यही वजह है कि देश की जनता अब जगह-जगह से कांग्रेस की विचारधारा के साथ कांग्रेस पार्टी को नकार रही है, आज कांग्रेस के पास न नीति है ,न रीति है और ना ही कोई बड़ा नेता है और ना ही उनके पास नियति है। कांग्रेस के पास ना कोई विजन है ना चुनाव में उतरने का कोई एजेंडा है। कांग्रेस झूठी पार्टी है, कांग्रेस वाले झूठे वादे करते हैं, झूठे नारे लगाते और झूठ बोलते हैं । आज देश की सुरक्षा भाजपा कर रही है , लोगों को रोजगार भाजपा सरकार दे रही है ,लोगों को भरपेट भोजन भाजपा सरकार दे रही है, लोगों के स्वास्थ्य की चिंता भाजपा सरकार कर रही है इसलिए यह जनता की जिम्मेदारी है कि हम भारतीय जनता पार्टी को चुनें और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएं। योगी ने कहा कि लोकतंत्र में आपको मतदान का अधिकार दिया गया है। सत्ता आपके हाथ में है इस अधिकार का प्रयोग कर हमें अपने लिए विकास की सरकार का चयन करना है 20 तारीख को जिस दिन मतदान करना है वह मंगलवार का दिन है और मंगलवार यानी हनुमान जी का दिन होता है ।इसलिए आप सबसे पहले मतदान करें और भारतीय जनता पार्टी को वोट दें । योगी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। मध्य प्रदेश में जब कांग्रेस का शासन था तब उन्होंने छग में नक्सलवाद को बढ़ावा दिया। लेकिन आज भारत भाजपा के शासनकाल में देश में नए भारत के रूप में उभर रहा है और छत्तीसगढ़ में नवा छत्तीसगढ़ के रूप में उभर रहा है।


