Advertisement Carousel

हिन्दी दिवस के अवसर पर पत्रकारों को मिला पत्रकार भवन के लिए 5 लाख रुपये की सौगात

पेण्ड्रा / हिंदी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रथम पत्रकार एवं पत्रकार जगत के पुरोधा पंडित माधवराव सप्रे की कर्मभूमि पेंड्रा में नगर पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष निधि से 5 लाख रुपये की लागत से पत्रकार भवन के निर्माण नींव रखी।

14 सितम्बर हिंदी दिवस का दिन पेंड्रा क्षेत्र के पत्रकारों के लिए खास दिन था क्योंकि इस दिन क्षेत्र के पत्रकारों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई। पेंड्रा के पत्रकार पिछले 15 वर्षों से पेंड्रा में पंडित माधव राव सप्रे की स्मृति में पत्रकार भवन की मांग कर रहे थे जिस मांग को गंभीरता से लेते हैं नगर पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष अरुणा गणेश जायसवाल में पूरा किया। अरुणा जायसवाल पत्रकार भवन के लिए अध्यक्ष निधि से 5 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है जिस राशि से विद्यानगर में पत्रकार भवन के निर्माण कार्य की नींव शनिवार को रखी गई। पेंड्रा नगरी पत्रकार जगत के पुरोधा पंडित माधवराव सप्रे की कर्मभूमि है। यहां से माधवराव सप्रे ने वर्ष 1900 में छत्तीसगढ़ के प्रथम अखबार का प्रकाशन किया था।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में बिलासपुर जिले के तत्कालीन प्रभारी मंत्री ने पेंड्रा में पंडित माधव राव सप्रे की स्मृति में पत्रकार भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की स्वीकृति मंच से दी थी परंतु वह राशि जारी नहीं हुई जिसके कारण पत्रकार भवन का निर्माण नहीं हो पाया था। इसी तरह से 6 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ शासन के एक मंत्री ने भी पत्रकार भवन निर्माण के लिए आश्वासन दिया था परंतु वह आश्वासन भी पूर्ण नहीं हो पाया था। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के भूतपूर्व सांसद ने भी पत्रकार भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की थी लेकिन वह घोषणा भी पूरी नहीं हो पाई थी। अब नगर पंचायत पेंड्रा की अध्यक्ष अरुणा गणेश जायसवाल ने अध्यक्ष निधि से पत्रकार भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है जिससे क्षेत्र के पत्रकारों के लिए भवन बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

पत्रकार भवन के भूमि पूजन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा गणेश जायसवाल, ओमप्रकाश बंका, गणेश जायसवाल, अखिलेश नामदेव, शरद अग्रवाल, दुर्गेश बिसेन, मुकेश विश्वकर्मा, आकाश पवार, राकेश मिश्रा, रामेश्वर तिवारी, संजय ठाकुर इत्यादि उपस्थित थे।

error: Content is protected !!