Advertisement Carousel

तंजानिया में सोने की खदान के नाम पर 1.90 करोड़ की ठगी, आरोपी मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Oplus_16908288


रायपुर। तंजानिया देश में सोने की खदान में भागीदारी दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वियतनाम भागने की फिराक में था, लेकिन उसके खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) के चलते एयरपोर्ट पर ही उसे ट्रेस कर लिया गया।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी समर्थ बरडिया ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि यश राजेश शाह नामक युवक ने स्वयं को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताते हुए उसे और उसके साथी मुकुल चोपड़ा को निवेश के लिए तैयार किया। आरोपी ने भागीदारी अनुबंध तैयार कर खदान में खनन से भारी मुनाफा होने का भरोसा दिलाया और इस आधार पर कुल 1 करोड़ 90 लाख रुपये ले लिए।


जांच में सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया गणराज्य में किसी भी प्रकार का वैध खनन अधिकार नहीं है और न ही अनुबंध में उल्लेखित खदानों के संचालन का अधिकार उसे प्राप्त था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत खुद को खनन अधिकार प्राप्त बताकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर वियतनाम जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा है। दस्तावेजों की जांच के दौरान एलओसी अलर्ट मिलने पर एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसे रोका, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जब्त किया गया है।


आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 423, 467, 468 और 120बी के तहत कार्रवाई की गई है।


गिरफ्तार आरोपी यश राजेश शाह (28 वर्ष) मुंबई के घाटकोपर पूर्व क्षेत्र का निवासी है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!