राजनांदगांव / खैरागढ़
खैरागढ़ के ग्राम दल्लीखोली-लछना जंगल से सामने आए एक वायरल वीडियो ने वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल के भीतर एक जलस्रोत के पास बड़ी संख्या में पक्षियों और जंगली जानवरों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मौत की वजह को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक वन्यजीव एवं प्रकृति प्रेमी मुकेश वर्मा दोपहर के समय बर्ड वॉचिंग और नेचर फोटोग्राफी के लिए दल्लीखोली के जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें सबसे पहले एक ग्रेटर रैकेट-टेल्ड ड्रोंगो मृत अवस्था में मिला। आसपास तलाश करने पर वे हैरान रह गए, क्योंकि जलस्रोत के पास कई पक्षी और जंगली जानवर मृत पड़े थे।
मुकेश वर्मा ने घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक नर मोर, दो मादा मोर, तीन एशियन पाम सिवेट समेत कई पक्षियों के शव दिखाई दे रहे हैं। इनमें रुफस ट्रीपाई, ओरिएंटल मैगपाई रॉबिन और जंगल आउलेट जैसे पक्षी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक ही स्थान पर इतने अलग-अलग वन्यजीवों की मौत आखिर कैसे हुई। मुकेश वर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में आशंका जताई है कि जलस्रोत में किसी जहरीले रसायन या पदार्थ को मिलाया गया हो सकता है। माना जा रहा है कि पानी पीने के बाद इन बेजुबान जानवरों और पक्षियों की मौत हुई होगी। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है। विभाग फिलहाल ज़हरखुरानी, भीषण गर्मी और पानी की कमी जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। मौके से पानी और अन्य सैंपल लिए गए हैं। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
वन्यजीव जानकारों का कहना है कि एक ही जगह इतने पक्षियों और जानवरों का मृत मिलना सामान्य घटना नहीं मानी जा सकती। खासकर मोर और सिवेट जैसे वन्यजीवों की एक साथ मौत ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों और वन्यजीव प्रेमियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और यदि किसी ने जानबूझकर जलस्रोत में जहरीला पदार्थ मिलाया है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पूरे इलाके में इस रहस्यमयी घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
