रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा 30 मई 2026 को राजधानी रायपुर में भव्य “पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पत्रकारिता जगत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है, जिसमें प्रदेश और देश के कई प्रतिष्ठित पत्रकार, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम का आयोजन राम मंदिर, सुंदर सदन, रायपुर में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। आयोजन को लेकर पत्रकारों और मीडिया जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, विधायक गजेंद्र यादव और विधायक के. श्रीनिवास राव शामिल होंगे।
इस विशेष आयोजन में हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उसके संघर्ष, समाज पर प्रभाव और बदलते स्वरूप पर मंथन किया जाएगा। कार्यक्रम को दो प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया है।
पहले सत्र का विषय “पत्रकारिता: स्याही से स्क्रीन तक” रखा गया है, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया विशेषज्ञ पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपने विचार रखेंगे। इस सत्र में हरदेव प्रियदर्शी, विजय माखीजा, गिरिराज शर्मा, करीमुद्दीन और सुभाष मिश्रा जैसे वरिष्ठ पत्रकार मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे।
दूसरे सत्र में “पत्रकारिता: न्यूज़ रूम से न्यू मीडिया तक” विषय पर चर्चा होगी। इसमें डिजिटल मीडिया और आधुनिक पत्रकारिता की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस सत्र में अनिल अग्रिहोत्री, शरद द्विवेदी, विजय ठाकुर, रूचि उपाध्याय और अनिल पुष्पकर जैसे वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह भी होगी कि शाम 6 बजे के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पत्रकारों की प्रस्तुतियों के साथ गीत-संगीत का रंगारंग कार्यक्रम होगा।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने पत्रकार बंधुओं, बुद्धिजीवियों एवं शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन हिंदी पत्रकारिता के इतिहास, वर्तमान और भविष्य को एक मंच पर जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
