कोरबा। जिले के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 के कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से शिविर स्थल पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल की पेंशन शुरू कराने के एवज में आरोपी कर्मचारी द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर ACB की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि बिलासपुर ACB के डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने समाधान शिविर में अचानक दबिश दी और आरोपी बाबू को रिश्वत की रकम लेते पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक ACB टीम आरोपी कर्मचारी से कोषालय विभाग से जुड़े अन्य मामलों और लेनदेन को लेकर भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
