Advertisement Carousel

24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। गंज थाना क्षेत्र में युवक आशीष गरुड की हत्या के मामले का रायपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल राज नायक और प्रकाश सोना उर्फ टेरा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार 28 मई की रात करीब 12.30 बजे आशीष गरुड पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आशीष को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्या के प्रयास के मामले को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर विवेचना शुरू की गई।


जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि घटना से पहले आशीष को अंतिम बार राज नायक के साथ देखा गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगे दर्जनभर से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक के साथ पुराने लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाली रात इसी विवाद के दौरान कहासुनी हुई, जिसके बाद राज नायक ने धारदार हथियार से आशीष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी साइकिल से मौके से फरार हो गए थे।


पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वैज्ञानिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।


इस कार्रवाई में एसीसीयू रायपुर क्राइम ब्रांच, थाना गंज, थाना गुढ़ियारी और रामनगर चौकी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!