Advertisement Carousel

बेमेतरा की अव्यवस्था पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कलेक्टर-एसपी को लगाई फटकार


तेज आंधी-बारिश से बाधित हुआ सामूहिक विवाह समारोह, मुख्यमंत्री के स्वागत और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर जताई नाराजगी


बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जिला प्रशासन पर नाराजगी जाहिर की। तेज आंधी और बारिश के कारण कार्यक्रम बाधित होने के बाद उन्होंने सार्वजनिक मंच से कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठाए।


कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम खराब होने से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। तेज आंधी और बारिश के चलते मुख्य मंच का टेंट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोगों को बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री के आशीर्वाद समारोह सहित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।


बाद में रेस्ट हाउस में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के कई सदस्य बेमेतरा में मौजूद थे, लेकिन जिला प्रशासन उनकी गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत पीछे से किया जाना प्रशासनिक गंभीरता की कमी को दर्शाता है।


डॉ. सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मौसम खराब होने के बाद भी प्रशासन समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य घंटों तक मौजूद रहे, लेकिन प्रशासन ढाई घंटे के भीतर कोई दूसरा उपयुक्त स्थल तक नहीं खोज सका।


पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने 15 वर्षों तक प्रदेश का नेतृत्व किया है, लेकिन इतनी खराब व्यवस्था पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि इस घटना से अधिकारियों को सीख मिलेगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!