रायपुर। राजधानी के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में इलेक्ट्रीशियन की मौत के मामले में पुलिस ने घटना के 10 दिन बाद FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने ठेका कंपनी मेसर्स जय इंटरप्राइजेस के जिम्मेदार ठेकेदार को आरोपी बनाया है।
जानकारी के अनुसार, 22 मई को एयरपोर्ट परिसर में विद्युत मरम्मत कार्य के दौरान इलेक्ट्रीशियन कुबेर चंद साहू करीब 22 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया था। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऊंचाई पर कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है।
मामले में FIR दर्ज होने के बाद एयरपोर्ट में कार्यरत ठेका एजेंसियों की सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले सुरक्षा उपकरणों पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
22 मई को रायपुर एयरपोर्ट में हुआ था हादसा।
इलेक्ट्रीशियन कुबेर चंद साहू 22 फीट ऊंचाई से गिरा था।
सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत।
घटना के 10 दिन बाद पुलिस ने दर्ज की FIR।
मेसर्स जय इंटरप्राइजेस के ठेकेदार को बनाया गया आरोपी।
सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका पर जांच जारी।
