Advertisement Carousel

सामूहिक विवाह में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, विधायक दीपेश साहू की बैलगाड़ी बारात बनी आकर्षण का केंद्र



मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मिल रही मजबूती, नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद


बेमेतरा/रायपुर, 31 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में समानता, सामाजिक समरसता, सादगी और सकारात्मक मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। यह योजना बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति राज्य सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है।


उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता और सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। सीमित संसाधनों वाले परिवारों के लिए यह योजना सम्मानजनक और गरिमापूर्ण विवाह का अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव का वातावरण बन रहा है।


समारोह का विशेष आकर्षण बेमेतरा विधायक दीपेश साहू का विवाह रहा। विधायक दीपेश साहू भी इसी सामूहिक विवाह समारोह में वैवाहिक बंधन में बंधे। उनकी पारंपरिक बैलगाड़ी में निकली बारात ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री साय ने विधायक दीपेश साहू के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए सामूहिक विवाह जैसे आयोजन का हिस्सा बनना और सादगीपूर्ण विवाह करना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने कहा कि बैलगाड़ी में बारात निकालकर विधायक ने प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को सम्मान देने का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।


मुख्यमंत्री ने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वैवाहिक जीवन प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी जोड़ों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

error: Content is protected !!