रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े क्रिकेट महाकुंभ छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का मंगलवार को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। रंगारंग उद्घाटन समारोह, बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय की शानदार प्रस्तुति और हजारों क्रिकेट प्रेमियों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के संयुक्त सचिव प्रभतेज भाटिया सहित क्रिकेट और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
क्रिकेट के इस महोत्सव का पहला मुकाबला रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला गया। प्रतियोगिता 14 जून तक चलेगी, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग संभागों और जिलों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए संघर्ष करेंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि सीसीपीएल प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस लीग से छत्तीसगढ़ के क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
प्रदेश में क्रिकेट के बढ़ते क्रेज के बीच शुरू हुए इस टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्टेडियम में देर रात तक दर्शकों का जोश चरम पर रहा और क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिला।
