Advertisement Carousel

“कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान को धार देने छत्तीसगढ़ पहुंचीं सुमित्रा दहिया



भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सदस्य का दो दिवसीय दौरा संपन्न, बसना और धरसींवा में कार्यकर्ताओं से संवाद कर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय सदस्य सुमित्रा दहिया का छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय दौरा संपन्न हो गया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया।


दौरे के पहले दिन सुमित्रा दहिया बसना पहुंचीं, जहां स्थानीय विधायक संपत अग्रवाल और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की उपस्थिति में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को संतुलित आहार और कम तेल के उपयोग के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।


उन्होंने कहा कि अधिक खाद्य तेल का सेवन उच्च कोलेस्ट्रॉल, उच्च रक्तचाप, मोटापा और हृदय रोगों जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। यदि सही तरीके और संतुलित मात्रा में तेल का उपयोग किया जाए तो कम तेल में भी स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर और लाइव कुकिंग वर्कशॉप आयोजित किए जाएंगे।


दौरे के दूसरे दिन सुमित्रा दहिया ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस जनजागरूकता अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह आह्वान घरेलू स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ परिवार और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए खान-पान की आदतों में सुधार जरूरी है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता इस अभियान को पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर पहुंचाने का कार्य करेंगी।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने “कम तेल, कम ईंधन – स्वस्थ परिवार, स्वस्थ राष्ट्र” का संकल्प भी लिया।


इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, महिला मोर्चा महामंत्री शीतल नायक, पुष्पलता चौहान, मिली बैनर्जी, वंदना राठौड़, प्रतिज्ञा गुप्ता, तिलेश्वरी धुरंधर, रंजीता शर्मा, रजनी बिंद सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!