रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का मुद्दा उठा। भाजपा विधायक भईयालाल राजवाड़े ने निर्माण कार्यों में अनियमितता, गुणवत्ता से समझौता और कई गांवों तक अब तक पेयजल नहीं पहुंचने का मामला सदन में उठाया।
विधायक राजवाड़े ने कहा कि बैकुंठपुर क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन और पानी टंकियों के निर्माण में निर्धारित गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया। उन्होंने निर्माण कार्यों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। उनका आरोप था कि कई गांवों में कार्य होने के बावजूद लोगों को अब तक पानी नहीं मिल रहा है।
जवाब में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत 928 पानी टंकियों का निर्माण स्वीकृत है। इनमें 751 टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 177 कार्य प्रगति पर हैं। इन कार्यों के लिए अब तक 6,635.92 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
मंत्री ने कहा कि जिले में जल जीवन मिशन के कार्य अभी जारी हैं और सभी योजनाएं पूरी होने के बाद ही अंतिम रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं गुणवत्ता संबंधी शिकायतें मिली हैं तो उनकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक भईयालाल राजवाड़े ने दोबारा जांच की मांग की। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सदन में आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कराई जाएगी और जहां भी खामियां पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
