भिलाई के खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्राओं के लगातार बेहोश होने का मामला सामने आया है। पिछले सात दिनों में 9वीं कक्षा की करीब 20 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने, चीखने-चिल्लाने, रोने और बेहोश होने की घटनाएं हुई हैं। सभी छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद उनकी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य पाई गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
जानकारी के मुताबिक सबसे पहले एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ी। वह जोर-जोर से रोने और चीखने लगी। इसके बाद अन्य छात्राओं में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई देने लगे। कुछ छात्राओं के हाथ-पैर अकड़ गए और वे बेहोश हो गईं। स्कूल प्रबंधन ने सभी छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
डॉक्टरों की जांच में किसी गंभीर शारीरिक बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है और सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार छात्राओं की निगरानी कर रही है। वहीं प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर एक के बाद एक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या है।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अभिभावकों की भीड़ लग गई। परिजन बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है। मेडिकल विशेषज्ञों की टीम भी पूरे मामले की जांच कर रही है।
