Advertisement Carousel

पत्नी का सिर काटकर गांव में घूमता रहा पति, कोरबा में सनसनीखेज हत्या

Oplus_16908288


शराब के नशे में वारदात के बाद बोरी में सिर रखकर बाइक से निकला, लोगों को दिखाकर कहा – “पत्नी की हत्या कर दी, पुलिस के पास जा रहा हूं”


कोरबा |
कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बालको थाना क्षेत्र के रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव (पिता राम प्रसाद यादव) मजदूरी करता था और गांव के एक फार्म हाउस में रहकर काम करता था। बुधवार शाम पत्नी के साथ विवाद के बाद उसने शराब के नशे में धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी।


हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का धड़ घर में ही छोड़ दिया और कटे हुए सिर को प्लास्टिक की बोरी में रखकर उसी में हथियार भी डाल दिया। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से रजगामार पुलिस चौकी की ओर निकल पड़ा।


रास्ते में एक पोल्ट्री फार्म के पास रुककर उसने लोगों से कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और पुलिस के पास जा रहा है। पहले तो लोगों को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब लोगों के कहने पर उसने बोरी खोलकर सिर और हथियार दिखाया तो वहां हड़कंप मच गया।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी उस पर चरित्र को लेकर शक करती थी, जिस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार को विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है। शव और कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं इस दर्दनाक वारदात के बाद मृतका के बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जबकि आरोपी पिता के जेल जाने से उनके भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!