जगदलपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादी बैनर और पोस्टर मिलने के बाद एक बार फिर नक्सलियों के वजूद और उनकी गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। घटना के बाद महाराष्ट्र पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया तंत्र सतर्क हो गए हैं। नक्सल प्रभावित राज्यों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गढ़चिरौली जिले की एटापल्ली तहसील के पिपली बुर्गी गांव के पास सड़क किनारे माओवादी बैनर और पोस्टर लगाए गए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैनर-पोस्टर जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन्हें किसने लगाया और इसके पीछे किस संगठन या समूह की भूमिका है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा बल जंगलों तथा आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं, वहीं खुफिया एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला बीते रविवार का है। इसके बाद से केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के अन्य नक्सल प्रभावित इलाकों में भी सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बैनर-पोस्टर महज दहशत फैलाने की कोशिश थे या इसके पीछे किसी सक्रिय नक्सली नेटवर्क की भूमिका है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
