Advertisement Carousel

दुर्ग में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर में घुसी स्कूटी, दो सगी बहनों समेत 4 की मौत

Oplus_16908288


दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कुम्हारी थाना क्षेत्र में सड़क किनारे ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे एक स्कूटी जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार की दो सगी बहनों और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक परिवार भिलाई-3 से रायपुर अपने रिश्तेदारों के घर जा रहा था।



जानकारी के मुताबिक, भिलाई-3 निवासी 28 वर्षीय अमृता निर्मलकर स्कूटी चला रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच नेशनल हाईवे-53 पर सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर के पीछे स्कूटी जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमृता निर्मलकर, उनकी 26 वर्षीय बहन लक्ष्मी निर्मलकर, अमृता की 7 वर्षीय बेटी याचना और 4 वर्षीय बेटी डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय बेटा भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे एम्स रायपुर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

इस हादसे ने इसलिए भी सभी को भावुक कर दिया क्योंकि परिवार ने महज दो दिन पहले 14 जुलाई को याचना का जन्मदिन बड़े उत्साह से मनाया था। अगले ही दिन रिश्तेदारों से मिलने रायपुर के लिए निकले परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।

हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी। हालांकि, इस दावे पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल कुम्हारी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!