रायपुर, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का समापन सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना के विकास के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कॉन्क्लेव राज्य में खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और तीन टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल रहा है।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि कॉन्क्लेव में देशभर से आए विशेषज्ञों, खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों के सुझावों के आधार पर राज्य के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में सरकार काम करेगी।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते थे। समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को दो-दो लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेताओं को एक-एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई। वहीं महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख, पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख और पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित देशभर के खेल विशेषज्ञ, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
