मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान, उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार 28 जुलाई को राजधानी रायपुर में स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कोर्टयार्ड-बाइ-मेरियट होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ और नामचीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सात अलग-अलग सत्रों में खेल नीति, प्रतिभा पहचान, खेल विज्ञान, अधोसंरचना, पीपीपी मॉडल, खेलो इंडिया मिशन और राज्य की पदक रणनीति जैसे विषयों पर विस्तृत मंथन होगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन सत्र में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, फुटबॉलर किरण पिस्दा, तैराक अनुष्का भगत और एथलीट लकी मरकाम भी मंच साझा करेंगे।
शाम के सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होकर प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे। कॉन्क्लेव के समापन पर सभी सत्रों के निष्कर्ष साझा किए जाएंगे, जिन्हें राज्य की नई खेल नीति और खिलाड़ियों के विकास के रोडमैप में शामिल किया जाएगा।
कॉन्क्लेव में ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, विक्रम सिसोदिया, रोनक कोठारी, डॉ. पियूष जैन और खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।
