रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा की बाइक यात्रा मंगलवार को रवाना हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय से 60 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह बाइक यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मस्थल वडनगर और कर्मस्थल काशी (वाराणसी) को जोड़ेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इस वर्ष प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को केंद्र में रखते हुए देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को काशी में 10 पवित्र नदियों के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। बाइक यात्रा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प और राष्ट्र निर्माण के कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, श्रम आयोग अध्यक्ष रामप्रताप सिंह सहित भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
