रायपुर।
पश्चिम एशिया में बन रहे हालात को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों, संभागीय कमिश्नरों, आईजी और सभी जिला कलेक्टरों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता व आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं के स्टॉक व सप्लाई की लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य व सुचारू है।
सीएम साय ने कहा कि किसी भी स्थिति में आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने जमाखोरी और मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार हर स्थिति पर नजर रखे हुए है और राज्य के प्रत्येक नागरिक तक समय पर सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
