बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र में स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्यजीव संरक्षण कानून की धज्जियां उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर शाम करीब 6 बजे रिसॉर्ट में अचानक छापा मारकर मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट के किचन के बाहर चूल्हे पर संदिग्ध वन्यजीव का मांस पकाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके से रिसॉर्ट के मैनेजर रजनीश सिंह, कर्मचारी रमेश यादव, संजय वर्मा और रसोइए रामकुमार टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पका हुआ मांस, कढ़ाई और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

पूछताछ में रसोइए ने खुलासा किया कि जनक बैगा नामक व्यक्ति सुबह यह मांस लेकर आया था और उसे पकाने के निर्देश दिए थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह रिसॉर्ट पर्यटन विभाग द्वारा संचालित बताया जा रहा है, जहां सरकारी निगरानी के बावजूद इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
वन विभाग ने जब्त मांस के नमूने को जांच के लिए वन्यजीव फॉरेंसिक लैब भेज दिया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मांस हिरण का है या किसी अन्य वन्यजीव का।
फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और मांस लाने वाले व्यक्ति की तलाश भी जारी है।
