जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ का बस्तर में गुरुवार को भव्य आगाज हुआ। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान बस्तर जिले में सात लाख से अधिक दीप जलाए गए। वहीं, महारानी अस्पताल पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जगदलपुर शहर में ढाई लाख से अधिक और ग्रामीण क्षेत्रों में साढ़े चार लाख दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी के बीच बस्तर में शांति, विकास और जनसेवा का संदेश दिया गया।
महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने हिस्सा लिया। शर्मा ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान को अपनी आदत बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक बारूद की गंध से जूझता रहा, लेकिन अब यहां महुआ की महक और मेलों-मड़इयों की रौनक लौट रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग से बस्तर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
